आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने विमान में बम होने की सूचना देने वाले 16 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा है। नाबालिग गांव जलपुरा, ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है। उसने मौज मस्ती के लिए झूठी सूचना दी थी। आईजीआई एयरपोर्ट डीसीपी दिनेश कुमार गुप्ता के अनुसार 18 मई को पीसीआर कॉल मिली थी कि दिल्ली से चार बजे उड़ने वाली विमान में बम रख दिया गया है।
उसे उड़ने से रोक दिया गया था। कई घंटे की तलाशी के बाद सूचना को झूठा करार दे दिया गया। मामला दर्जकर एसीपी राजकुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह व राजीव गुलाटी की टीम ने तफ्तीश शुरू की। जांच में पता लगा कि बम रखे होने की सूचना मोबाइल से दी गई थी और ये मोबाइल ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश के एक गांव में इस्तेमाल किया जा रहा है।
जांच के बाद पुलिस टीम ने आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया। मोबाइल व सिम को बरामद कर लिया गया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसने मौज मस्ती के लिए फ्लाइट में बम रखे होने की सूचना दी थी। उसके पिता ने वाराणसी के ठाकुर प्रसाद पुस्तक भंडार द्वारा प्रकाशित वर्ष 2016 का कलेंडर खरीदा था। इस कलेंडर पर एयर इंडिया कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर लिखे हुए थे। इस नंबर को देखकर उसने बम रखे होने की कॉल कर दी थी।