दिल्ली के नांगलोई इलाके में नाबालिग लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोप उसके मुंह बोले मामा पर है। नाबालिग जब गर्भवती हो गई, तो मामले का खुलासा हुआ। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान वसंत चौधरी (30) के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता परिजनों के साथ नांगलोई इलाके में रहती है। वह सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है। उसके माता-पिता एक फैक्टरी में काम करते हैं। उसी फैक्टरी में आरोपी भी काम करता है। वह पीड़िता के पड़ोस में ही रहता है। बिहार के एक ही जिले के होने की वजह से पीड़िता की मां ने आरोपी को अपना धर्म भाई बनाया था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पीड़िता के पेट में दर्द हुआ। परिजन उसे लेकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। जहां जांच में पता चला कि लड़की तीन माह की गर्भवती है। डॉक्टरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की तो पता चला कि उसका मामा दिसंबर से उसके साथ रेप कर रहा था।
पीड़िता के बयान पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पत्नी और बच्चे बिहार में रहते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।