अगर आपको कोई क्विज, एसएमएस या ई-मेल कर लखपति बनने या इनाम जीतने का झांसा देता है तो सावधान हो जाएं। ऐसा झांसा देने वाले ठग हो सकते हैं, और आपको लाखों का चूना लगा सकते हैं।
कैला भट्टा की रहने वाली 12वीं की छात्रा तबस्सुम ऐसे ही गैंग का शिकार बनी। ठगों ने उससे केबीसी जैकपॉट क्विज में आमिर खान का फोटो पहचानने पर विजेता बताया। उसे साढ़े छह लाख रुपये जीतने का झांसा दिया और उससे 1.30 लाख रुपये ठग लिए।
जीत की रकम लेने के लिए उसे मुंबई अकेले बुलाया। वह परिजनों के साथ पहुंची, मगर ठग वहां नहीं मिला। तब ठगी का पता चला। छात्रा ने कोतवाली रिपोर्ट कराई है।
एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। तबस्सुम के मुताबिक उसने हाल में एक टीवी न्यूज चैनल के बीच में आने वाला एक कार्यक्रम देखा, जिसमें आमिर खान का फोटो दिखाया गया।
बताया कि सही जवाब देने वाले लकी विनर को साढ़े छह लाख रुपये बतौर इनाम मिलेंगे। उसने फोन कर सही जवाब बताया तो राजू नाम के ठग ने उसे किया कि उसने छह लाख रुपये जीत लिए हैं।
ठग ने पुरस्कार देने के एवज में छात्रा से विभिन्न मदों में एक लाख 30 हजार रुपये बैंक एकाउंट में डलवा लिए गए। ठग ने उसे मुंबई अकेले आकर पैसे ले जाने को कहा।