वसंत कुंज (साउथ) थाना पुलिस ने गोदामों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर रिसीवर समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सात गोदामों से अब तक तीन करोड़ रुपये से ज्यादा का सामान चुरा चुके हैं।
विज्ञापन
दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार धीरज अनेजा ने 23 दिसंबर, 2016 को रंगपुरी, महिपालपुर स्थित अपने गोदाम में चोरी होने की शिकायत दी थी। चोर गोदाम से 454 ब्रांडेड एलईडी टीवी चुराकर ले गए थे। मामले की तफ्तीश में पुलिस को पता लगा कि गोदाम के ताले बदले गए थे और ओरिजनल लॉक गायब थे।
पास में लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरी का सामान ले जाने वाले ट्रक के बारे में कुछ सुराग हाथ लगा जिस पर वीटीएस लिखा हुआ था। छानबीन के बाद पुलिस को पता लगा कि ट्रक मंगोलपुरी स्थित ट्रांसपोर्टर से मंगाया गया था। ट्रांसपोर्टर ने बताया कि उसके ट्रक से सामान पटना, बिहार भेजा गया था। इसके बाद दो आरोपियों को दिल्ली जबकि रिसीवर समेत दो बदमाशों को बिहार से गिरफ्तार किया गया।
इनकी पहचान रंगपुरी, दिल्ली निवासी अशोक शर्मा उर्फ पप्पू, अशोक कुमार मल्होत्रा उर्फ चिंटू, बिहार निवासी अखिलेश कुमार और विजीत कुमार उर्फ मुन्ना जायसवाल के रूप में हुई। अशोक कुमार की रंगपुरी में फर्निचर शॉप है। इसके खिलाफ पहले से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। एसी रिपेयर की दुकान चलाने वाला अशोक कुमार मल्होत्रा के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज है। वैशाली, बिहार में इलेट्रॉनिक की दुकान चलाने वाला विजीत कुमार इनसे चोरी का सामान खरीदता था।
आरोपी रेकी करने के बाद गोदाम के मालिक होने के फर्जी कागजात तैयार करवाते थे। इसके बाद ये गोदाम के लॉक बदलवा देते थे। इसके बाद ये ट्रांसपोर्टर को फोन कर ट्रक बुक कराते थे और अपनी चाबी से ताला खोलकर सामान चुरा ले जाते थे। इससे ट्रक चालक को लगता था कि गोदाम मालिक अपना सामान किसी अन्य जगह शिफ्ट कर रहा है या किसी को बेच रहा है।
पटना से रिसीवर के जरिये दूसरा गोदाम लेते थे। बिहार में ये ग्रे मार्केट में चोरी किए गए सामान को आधे दामों पर बेच देते थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से चोरी के सात मामलों को सुलझाने का दावा किया है। इनके कब्जे से किराए पर लिए गए दो ट्रक, 131 एलईडी टीवी, 28 माइक्रोवेव ओवन, 281 इलेक्ट्रिक केतली, 112 इलेक्ट्रिक एलरोन, 66 सेंडविच मेकर, 513 चोप्पर, 384 ब्लेंडेर, 80 वैक्यूम क्लीनर, 742 कॉफी मेकर आदि बरामद किए गए हैं।