एमबीए स्टूडेंट समेत तीन दोस्त मंगलवार को नाहल झाल में डूब गए। काफी तलाश के बाद भी वे नहीं मिले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले एक युवक नहर में कूदा, वह डूबने लगा तो बाकी दोनों उसे बचाने के लिए नहर में कूद गए मगर बहाव तेज होने की वजह से तीनों ही डूब गए।
बुधवार को पीएसी के गोताखोर उनकी तलाश करेंगे। एसओ मसूरी ने बताया कि नितिन शर्मा (24), दीपक यादव (23) और हैप्पी (20) हापुड़ में बुलंदशहर रोड के रहने वाले हैं। नितिन ने एमबीए किया था।
दीपक इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करता था और हैप्पी इंटर पास था। मंगलवार सुबह तीनों गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में इंटरव्यू देने आए थे। वापस लौटते हुए शाम को नाहल की बड़ी झाल पर पहुंचे।
बकौल एसओ, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले एक युवक झाल में कूदा, वह डूबने लगा तो बाकी दोनों युवक भी उसे बचाने झाल में कूद गए। बहाव तेज था, इसलिए वे खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को तलाश किया, मगर वे नहीं मिले।
चौकीदार ने रोका था
एसओ ने बताया कि जिस जगह युवक डूबे हैं, वहां और कोई नहीं नहाता। जो लोग नहाते हैं वे छोटी झाल में नहाते हैं। जब युवक वहां जा रहे थे तो चौकीदार ने उन्हें रोका था। मना किया था। लेकिन उन्होंने चौकीदार से कहा कि वे बैठने जा रहे हैं, नहाएंगे नहीं।
पहले भी डूबे कई युवक
नाहल झाल में पिछले एक साल में छह से ज्यादा युवक डूब चुके हैं। पिछले साल विजयनगर और नंदग्राम के चार किशोर डूब गए थे। इसकेअलावा मुरादनगर में एक माह पहले एक युवक डूबा था, जिसके बारे में आज तक कुछ पता नहीं चल सका है। ं