सुल्तानपुरी में शनिवार रात पहले पराठे लेने के विवाद में एमबीए छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। चाकूबाजी में मृत छात्र का एक दोस्त भी घायल हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि दुष्यंत सिंह (25) पूंठकला गांव में परिवार के साथ रहता था। वह देहरादून से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता रणवीर सिंह की बुध विहार में कपड़े की दुकान है।
शनिवार रात करीब ढाई बजे दुष्यंत अपने दो दोस्तों राहुल और विशाल के साथ ब्रह्मशक्ति अस्पताल के पास पराठा स्टॉल पर पहुंचा। जहां उन लोगों ने पराठे का आर्डर दिया।
बताया जा रहा है कि वहां पहले से पहुंचे तीन लोगों ने पराठे का आर्डर दिया था। दुष्यंत दुकानदार से जल्दी पराठा देने की बात कहने लगा। जिसका पहले से आए तीन युवकों ने विरोध किया। इस बात पर दुष्यंत का युवकों से कहासुनी होने लगी।