सेक्टर-18 आरबीएन बार में शराब पीकर हंगामा कर रहे छात्रों को रोकना एक पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया। हंगामा कर रहे एमबीए छात्र की पुलिसकर्मी से मारपीट हो गई।
मारपीट के दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई। सेक्टर-20 पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी मनीष कुमार सक्सेना ने बताया कि बार में शुक्रवार रात ग्रेटर-नोएडा स्थित नोएडा विश्वविद्यालय के दो दर्जन से ज्यादा छात्र-छात्राएं पार्टी करने पहुंचे।
रात करीब सभी छात्र-छात्राएं शराब पीकर हंगामा करने लगे। बार मैनेजर ने हंगामे की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-18 पुलिस चौकी की पीसीआर पहुंची। पुलिसकर्मी विनीत ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सभी छात्र पुलिसकर्मी से बहस करने लगे।
आरोप है कि इसी बीच आरोपी एमबीए छात्र अनुदीप सहाय मारपीट करने लगा। इस दौरान आरोपी छात्र ने विनीत की वर्दी भी फाड़ दी।
पुलिसकर्मी विनीत की शिकायत पर एक छात्र को नामजद करते हुए करीब दो दर्जन से ज्यादा अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी छात्र अनुदीप सहाय को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी छात्र को शनिवार को जेल भेज दिया गया।