दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने लोगों से पांच करोड़ रुपये से ज्यादा ठगी करने वाले जालसाज को लखनऊ, यूपी से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 100 लोगों के साथ ठगी कर चुका है। ये फर्जी स्कीम में लोगों से पैसा लगवाकर मोटे मुनाफे का लालच देता था। दिल्ली पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था और कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया हुआ था।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार के अनुसार, एसटीएफ में तैनात एसआई सुनील कुमार को ठगी करने वाले संजय के बारे में सूचना मिली थी कि वह लखनऊ में अपने रिश्तेदार से मिलने आएगा। पुलिस टीम ने लखनऊ में संजय के रिश्तेदार के घर के बाहर घेराबंदी की और बादशाह नगर, लखनऊ रेलवे स्टेशन के बाहर से झरोडा कलां, दिल्ली निवासी संजय(36) को गिरफ्तार कर लिया।
12वीं पास संजय ने शुरू में एक प्राइवेट कंपनी में मार्केटिंग में काम करना शुरू किया। इसके बाद इसने एलआईसी एजेंट व प्रॉपर्टी डीलर का काम करना शुरू किया। इससे लोगों के बीच इसका नेटवर्क बढ़ा। इस दौरान इसने फर्जी स्कीम लांच की और लोगों को मोटा मुनाफा देने का लालच दिया। इसके परिचित ने इसकी स्कीम में पैसा लगाना शुरू कर दिया। करीब 100 लोगों से पांच करोड़ से ज्यादा रुपये ठगने के बाद संजय दिल्ली से झारखंड भाग गया। पिछले एक वर्ष से वह झारखंड में ही था।