युवती के दोस्त ने उसका मोबाइल लेकर फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया। आरोपी ने युवती और उसकी बड़ी बहन की कुछ फोटो भी अपने मोबाइल पर ले ली। अब वह उन फोटो को सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दे रहा है।
पीड़ित युवती ने सोमवार को एसपी सिटी से मुलाकात कर शिकायत की है। नोएडा के सेक्टर-22 निवासी पीड़िता एक निजी कंपनी में काम करती है। उसकी दोस्ती दिल्ली के रहने वाले जोगिन्दर नाम के युवक से है।
कुछ समय पहले जोगिन्दर ने उसका मोबाइल ले लिया था। इसी मोबाइल के जरिये आरोपी ने युवती का फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया। आरोपी ने मोबाइल से युवती के निजी फोटो और उसकी बड़ी बहन की पूर्व प्रेमी के साथ ली गईं फोटो अपने मोबाइल पर ट्रांसफर कर ली।
टूट सकती थी शादी
युवती के अनुसार, आरोपी फोटो को उसके फेसबुक और इंस्टाग्राम में पोस्ट करने की धमकी दे रहा है। युवती के मुताबिक, उसकी बड़ी बहन की जल्द ही शादी होने वाली है। उसकी पूर्व प्रेमी के साथ फोटो वायरल होने से शादी टूट भी सकती है।
युवती के अनुसार, आरोपी फोटो डिलीट करने के लिए उसे अकेले में मिलने को बुला रहा है। आरोपी पीड़िता को सोमवार दोपहर तक एक दर्जन फोन कर चुका है। युवती की शिकायत पर एसपी सिटी ने मामले की जांच साइबर क्राइम सेल को सौंप दी है।