ट्रेन में चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या।
ट्रेन में बृहस्पतिवार रात जुनैद नामक युवक की चाकू मारकर की गई हत्या में यह बात पुलिस जांच में सामने आ रही है कि विवाद की शुरुआत सीट को लेकर हुई थी। बाद में हमलावरों ने यह कहकर मारपीट शुरू कर दी कि तुम लोग बीफ खाते हो। घटना दिल्ली से मथुरा जा रही ईएमयू ट्रेन की है। जिला नागरिक अस्पताल में रखवाए गए जुनैद के शव का शुक्रवार की सुबह रेलवे पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
इस दौरान अस्पताल में किसी तरह का विवाद न हो इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस दल मौजूद था। जीआरपी के डीएसपी महेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक कमलदीप भी अस्पताल में मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने इस मामले में करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या व अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी के पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमों का गठन भी कर दिया है।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार की देर रात बल्लभगढ़ के गांव खंदावली निवासी हाशिम, जुनैद, मोहसिन व मोइन दिल्ली से ईद के लिए खरीदारी करके वापस आ रहे थे। तुगलकाबाद स्टेशन पर चार लोग ट्रेन में चढ़ गए तथा उन्होंने सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा करना शुरू कर दिया। जब मोहसिन और उनके साथियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर बीफ खाने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं ट्रेन में सवारा अन्य सात-आठ लोग भी आरोपियों के साथ हो लिए तथा मारपीट करने लगे।
इसी दौरान दो युवकों ने चाकू निकालकर मोहसिन, जुनैद, हाशिम व मोइन पर हमला कर दिया। मोहसिन के फोन करने पर उसका भाई शाकिर बल्लभगढ़ स्टेशन पर पहुंच। जब उसने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी घायल कर दिया तथा उन्हें असावटी स्टेशन पर ट्रेन से फेंक दिया तथा फरार हो गए।
इलाके में तनाव की स्थिति
मृतक के परिजन और रिश्तेदार।
- फोटो : अमर उजाला
मामले की सूचना जैसे ही जीआरपी पुलिस को पता चली तो तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए समयपुर रोड बल्लभगढ़ के पवन नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जबकि चाकुओं के हमले से जुनैद की मौत हो गई थी। इस वारदात की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन व काफी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग अस्पताल पहुंच गए। इसे देखते हुए एसपी व डीएसपी खुद अस्पताल में पुलिस टीम के साथ पहुंच गए और शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया।
घटना में पीड़ित हाशिम ने बताया, 'आरोपी हमें तरह तरह की बातें कह रहे थे, उनका कहना था कि तुम लोग बीफ खाते हो। उन्होंने हमारे धर्म को लेकर भी हम पर टिप्पणी की। फिर उन्होंने हमें मारना पीटना शुरू कर दिया। '
वहीं, महेंद्र सिंह डीएसपी जीआरपी पुलिस ने बताया कि ट्रेन में झगड़ा सीट पर बैठने को लेकर हुआ था। इस वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस पूरी गंभीरता से आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।