रेलवे के सफर को सुरक्षित बनाने के लाख दावे किए जाएं, लेकिन धरातल पर इसके उलट तस्वीर नजर आती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संदिग्ध लोगों की मौजूदगी के चलते हाई अलर्ट जैसे हालात हैं लेकिन इसके बाद भी यहां के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा ताक पर रखी जा रही है। बृहस्पतिवार रात बल्लभगढ़-असावटी के बीच ट्रेन में चाकूबाजी की घटना ने रेलवे के सुरक्षा इंतजाम की पोल खोलकर रख दी। शुक्रवार को ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन की सुरक्षा का जायजा लिया संवाददाता सिद्धार्थ शाह व फोटोग्राफर जोगेंद्र शर्मा ने। पेश है रिपोर्ट:-
डीएफएमडी गायब, बिना जांच के एंट्री
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार से डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) गायब नजर आया। यहां पर आरपीएफ एवं जीआरपी का कोई जवान नजर नहीं आया। यात्री बिना किसी जांच के एंट्री करते नजर आए। यह यात्री अपने साथ क्या सामान लेकर जा रहे हैं, यह भी देखने वाला कोई नहीं है। बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्रवेश करने वाले यात्री बिना जांच के प्रवेश करते नजर आए, लेकिन जीआरपी की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया गया।
सहायता बूथ पर नजर नहीं आई जीआरपी
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर लगे पुलिस सहायता बूथ पर कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। शुक्रवार दोपहर 12.45 बजे पहुंचने पर एक यात्री बूथ में बैठकर मोबाइल पर गेम खेलता दिखा। एक नंबर एवं दो नंबर प्लेटफार्म पर कोई जीआरपी का जवान निगरानी के लिए तैनात नजर नहीं आया।
कहीं से भी हो जाती है एंट्री
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन चारों तरफ से खुला है। कोई भी व्यक्ति किसी भी जगह से यहां पर प्रवेश कर जाता है। यहां पर बनाया गया प्रवेश द्वार सिर्फ नाम मात्र का है। यहां पर यात्री एवं संदिग्ध लोग किसी भी स्थान से प्रवेश कर जाते हैं। शुक्रवार को अनधिकृत रास्तों से भी यात्री प्रवेश करते दिखे। वहीं, कई यात्री रेलवे ट्रैक को पार कर प्लेटफार्म पर चढ़ते नजर आए।
मेटल डिटेक्टर तक नहीं
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने की तैयारी की जा रही है लेकिन सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण भी यहां नहीं है। मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था 15 अगस्त, 26 जनवरी के अलावा अलर्ट घोषित होने पर ही की जाती है। आम दिनों में यात्रियों की जांच की कोई व्यवस्था नहीं है। जरूरत पड़ने पर मेटल डिटेक्टर अंबाला और जिला पुलिस लाइन से लाए जाते हैं। इस स्टेशन पर एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है।