20 अक्तूबर को मामूली बात पर ताबड़तोड़ चाकू मार लहूलुहान कर दिए गए युवक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी शिबेश सिंह के अनुसार बिंदापुर थाना पुलिस को 20 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि एक युवक डीपीएस स्कूल के सामने, सेक्टर-तीन, द्वारका में लहुलूहान पड़ा है।
पुलिस ने पीड़ित को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया था। उसकी पहचान समस्तीपुर, बिहार निवासी गणेश कुमार के रूप में हुई। पता लगा कि उस पर चाकू से हमला रतन (18) ने किया है। रतन ने चाकू से करीब सात-आठ वार किए थे। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर बिंदापुर थानाध्यक्ष की देखरेख में एसआई करतार सिंह व हवलदार राजेश की टीम ने तफ्तीश शुरू की।
इस पुलिस टीम ने जांच के बाद रतन व उसके साथी परविंदर (24) को 24 अक्तूबर को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रतन ने पूछताछ में बताया कि वह पार्क में परविंदर के साथ शराब पी रहा था, उसी समय गणेश ने कुछ शोर मचा दिया था। इस पर उसका रतन से झगड़ा हो गया। रतन ने गणेश पर चाकू से वार कर दिए थे।