द्वारका नार्थ इलाके में एक युवक ने अपनी पत्नी को भगाने का बदला आरोपी के भाई की हत्या कर लिया है। पुलिस के गिरफ्त में आए हत्यारे प्रदीप ने इस बात का खुलासा किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने खून से सना कपड़ा, स्विफ्ट कार और हत्या में इस्तेमाल बेल्ट बरामद कर ली है। पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपी के भाई दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गत 25 मई की सुबह बीट कांस्टेबल ने द्वारका स्थित उड़ीसा सदन के पास एक युवक का शव देखा। उसके नाक से खून निकल रहा था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान युवक की पहचान बक्करवाला चंचल पार्क निवासी मार्शल सिंह (24) के रूप में हुई। उसके भाई अर्जुन सिंह ने बताया कि मार्शल कैटरर का काम करता था।
किसी पर कोई शक होने की बात पूछ जाने पर अर्जुन ने बताया कि उसकी एक शादीशुदा महिला पूजा से दोस्ती थी। वर्ष 2015 नवंबर में वह उसके साथ भाग गई थी। फिर जून, 2016 में वापस अपने घर आ गई। इस घटना के बाद से पूजा का पति प्रदीप उससे कई बार मारपीट कर चुका है। इसके आधार पर पुलिस ने जांच में पूजा का फोन रिकार्ड भी निकाला। इसमें 25 मई की रात पूजा अर्जुन को फोन कर उसकी सकुशल होने की बात पूछ रही थी। साथ ही उसने बताया कि प्रदीप के कपड़े पर खून लगा देखकर लगा कि उसने अर्जुन की पिटाई की है।
इस सूचना पर थाना प्रभारी जसमोहिंदर सिंह ने प्रदीप को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि पत्नी को अगवा करने के मामले में वह अर्जुन से बदला लेना चाह रहा था, लेकिन उसके नहीं मिलने पर भाई की बेल्ट से गला घोंट कर हत्या कर दी।