ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में साले ने संपत्ति के लालच में जीजा की हत्या कर दी। मृतक के चचेरे भाई ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि फलैदा निवासी हरीपाल उर्फ हपोला (55) की करीब 21 साल पहले बुलंदशहर में शादी हुई थी। शादी के कुछ साल बाद ही उसकी पत्नी छोड़कर चली गई। उसके बाद से हरीपाल अपनी बेटी और बेटे के साथ गांव में रह रहे थे।
हरीपाल का साला खबरा, बुलंदशहर निवासी नीरज पिछले एक महीने से जीजा के घर रह रहा था। नीरज ने कई बार अपने जीजा से रुपये मांगे, लेकिन उसने नहीं दिए। मंगलवार शाम को नीरज ने अपने जीजा से फिर रुपये मांगे थे, लेकिन हरीपाल ने इनकार कर दिया।
इसके बाद नीरज अपने जीजा को बहाने से जंगल की ओर ले गया और वहीं पर उसकी नृशंस हत्या कर दी। सुबह गांव के लोगों ने देखा कि हरीपाल की हत्या हो गई है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई देवी सिंह की तहरीर पर नीरज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। नीरज को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
बेटी को विदा नहीं कर पाया पिता
हरीपाल की बेटी की शादी 20 जून को होनी है। हरीपाल ने अपनी जमीन बेचकर बेटी की शादी के लिए कुछ रुपये बैंक में जमा कराए थे। लेकिन, बेटी को विदा करने से पहले ही पिता की हत्या कर दी गई।