उत्तम नगर इलाके में मारपीट के दौरान एक अधेड़ की छत से गिरकर संदिग्ध हालत में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अधेड़ अपने कुछ दोस्तों के साथ छत पर जुआ खेल रहा था। इसी दौरान एक दोस्त से किसी बात पर उसकी मारपीट हो गई और वह दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
पुलिस ने मौके पर मौजूद एक चश्मदीद की शिकायत पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात पुलिस को निजी अस्पताल से सूचना मिली कि छत से गिरने के बाद एक अधेड़ की अस्पताल में मौत हो गई है।
अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू की। मृतक की पहचान ओम विहार निवासी बलजीत सिंह (52) के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ आनंद विहार के बी ब्लॉक स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर जुआ खेल रहा था।
पुलिस ने जुआ के दौरान वहां मौजूद आशु (36) को मौके पर बुलाया और उससे पूछताछ शुरू की। आशु ने पुलिस को बताया कि यहां करीब एक दर्जन लोग जुआ खेल रहे थे। बलजीत जुआ में तीस हजार रुपये जीत गया। जुआ खेल रहे दर्शन नाम के व्यक्ति ने बलजीत से पिछली दिवाली पर दिए गए उधार को वापस करने को कहा।
बलजीत ने सारे रुपये राहुल के हाथ से अपने घर भेज दिए। इस बात को लेकर दर्शन और बलजीत के बीच गुत्थम गुत्था होने लगी। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को छुड़वाया। मौका देखकर बलजीत पड़ोस के मकान की दूसरी मंजिल पर छलांग लगा दी और फिर वहां से गली में कूद गया।
सभी लोग नीचे उतरे तो बलजीत सड़क पर अचेत पड़ा हुआ पाया। उसके सिर से खून निकल रहा था। उसके दोस्तों ने बलजीत को निजी अस्पताल में भर्ती कराकर वहां से फरार हो गए। आशु के बयान पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर दर्शन की तलाश कर रही है। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों का बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।