शालीमार बाग इलाके में रेलवे ट्रैक पर चोर बताकर दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया। इलाज के बाद दोनों युवकों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। लेकिन घर पर एक युवक की तबियत बिगडने के बाद उसे फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवकों पर लाठी, डंडे, पत्थर से चाकू से हमला किया गया। मृत युवक के कुल्हे पर चाकू लगा था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया था। अब पुलिस ने मृतक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार मूलत: नेपाल के दार्जला निवासी दीपक(20) नेताजी सुभाष प्लेस स्थित बिल्लू का ढाबा में काम करता था। ढाबा में उसके गांव के ही दो युवक सुरेश और अशोक भी काम करता है। तीनों ढाबा मालिक अशोक कुमार के शालीमार बाग स्थित घर में रहता था। मालिक का आजादपुर में भी एक ढाबा है।
सुरेश ने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई की रात तीनों दोस्त नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक ढाबे से दूसरे ढाबे पर जा रहे थे। फोर्टिज अस्पताल के पास रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान झुग्गी में रहने वाली एक महिला ने तीनों को देखते ही चोर चोर चिल्लाने लगी।
तीनों दोस्तों ने कहा कि वह चोर नहीं बल्कि ढाबे में काम करते हैं। बावजूद महिला चिल्लाती रही। शोर सुनकर तीन चार युवक हाथों में लाठी-डंडे और चाकू लेकर पहुंचे और तीनों पर हमला कर दिया। अशोक मौका पाकर वहां से फरार हो गया।
जबकि हमलावरों ने सुरेश और दीपक को घेर कर उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के पास पड़े पत्थरों से भी उनपर हमला कर दिया। एक युवक ने दीपक के कुल्हे पर चाकू से हमला कर दिया।
दोनों के अचेत होने के बाद सभी हमलावर भाग गये। राहगीर की सूचना पर सब्जी मंडी रेलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।
पुलिस ने उनके बयान पर हत्या का प्रयास व मारपीट का मामला दर्ज कर लिया। उधर अगले दिन दीपक की तबियत बिगडने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने ह्दयगति रूकने से मौत की आशंका जतायी है। रेलवे पुलिस उपायुक्त परवेज अहमद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।