नोएडा के ममूरा से फिरौती के लिए अपहृत किए गए कार्तिक की नाबालिगों ने हत्या कर शव को यमुना में फेंक दिया था। पुलिस ने गोताखोरों की मद्द से कार्तिक के सिर का कंकाल बरामद कर लिया है। परिजनों ने बच्चे की शर्ट देखकर उसकी पहचान कर ली है। मगर पुलिस डीएनए जांच कराकर ही आगे जांच करेगी।
फेज-थ्री कोतवाली क्षेत्र के ममूरा गांव से दो नाबालिगों ने 19 अक्तूबर को नौ साल के मासूम कार्तिक का अपहरण कर लिया था। अपहरण के पीछे फिरौती मांगने का आरोपियों का उददेश्य था। मगर अपहरण करने के बाद वह डर गए और उन्होंने कार्तिक की निर्मम हत्या करके यमुना नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने तीन दिन पहले ही दोनों आरोपी नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया था। मगर बच्चे का शव नहीं मिल पा रहा था। कई दिन से पुलिस गोताखोरों के साथ मिलकर बच्चे के शव की तलाश कर रही थी।
शनिवार को गोताखोरों को यमुना में ही करीब तीन किलोमीटर अंदर से कार्तिक के सिर का कंकाल बरामद कर लिया गया है और उसकी शर्ट भी मिल गई है। परिजनों ने कार्तिक की शर्ट से उसकी पहचान कर ली है लेकिन पुलिस डीएनए जांच भी कराएगी। जिससे पूरी तरह सत्यापित हो जाए कि सिर का कंकाल मासूम कार्तिक का ही है। हालांकि पूरे शव की भी तलाश की जा रही है।
बच्चे कार्तिक के सिर के कंकाल को गोताखोरों की मद्द से बरामद कर लिया है। यमुना से मिले सिर के कंकाल के साथ एक बच्चे की शर्ट भी मिली है जिसे कार्तिक के परिजनों ने पहचान लिया है। हालांकि बच्चे के पूरे शव की तलाश जारी है। परिजनों के अनुसार शव कार्तिक का ही है। मगर पुलिस अपनी तसल्ली के लिए परिजनों का सैंपल लेकर कंकाल का भी डीएनए कराएगी।-अरविंद सिंह, सीओ दो नोएडा