नोएडा सेक्टर-55 में शिक्षिका के बच्चे की देखभाल करने के लिए रखी नौकरानी एक रात रुकने के बाद ही फरार हो गई। शिक्षिका बबली राणा ने नौकरानी रखने के लिए गाजियाबाद की प्लेसमेंट एजेंसी को 25 हजार रुपये दिए थे। बबली की शिकायत पर सेक्टर-58 थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सेक्टर-55 निवासी बबली राणा डीपीएस नोएडा में शिक्षिका हैं। उन्होंने बताया कि 11 वर्षीय बेटे की देखभाल के लिए उन्हें नौकरानी की जरूरत थी। उन्होंने इंटरनेट से नंबर निकालकर साहिबाबाद स्थित एक प्लेसमेंट एजेंसी से नौकरानी के लिए बात की।
एजेंसी से शनिवार देर शाम एक एजेंट करीब 26 वर्षीय युवती को लेकर आया। युवती ने अपना नाम अनीता बताया और आधार कार्ड की फोटो कॉपी भी बबली को मुहैया कराई। इसके बदले बबली ने एजेंट को 21000 रुपये सिक्योरिटी मनी और 4000 रुपये नौकरानी का एक माह का वेतन दिया। रातभर नौकरानी घर पर रही। उसने बच्चे की देखभाल भी की। रविवार सुबह जब बबली सोकर उठीं तो नौकरानी गायब थी। शिक्षिका ने बताया कि अब एजेंसी के नंबर पर संपर्क नहीं हो पा रहा है।