डिमांड पर करते थे कारों की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर पश्चिम जिला की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने खरीददारों की डिमांड पर दिल्ली व एनसीआर से लग्जरी कारों की चोरी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान मेरठ के साउथ इस्लामाबाद निवासी नासिर (42) और बागपत गेट पत्थरवालान निवासी आरिफ (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे में छह लग्जरी कारें बरामद किए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त मिलिंद डूंमरे ने बताया कि गत 19 अक्तूबर को मौर्या एंक्लेव इलाके से एक स्विफ्ट कार की चोरी हुई थी। मामले की जांच वाहन चोरी निरोधक शाखा को सौंपी गर्ई। निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने जिले में सक्रिय उत्तर प्रदेश के गिरोहों का ब्यौरा इकट्ठा किया। पुलिस की टीम ने नासिर गिरोह पर निगरानी शुरू की।
पुलिस को नासिर गिरोह के पीतमपुरा इलाके में आने की सूचना मिली। टीम ने स्विफ्ट डिजायर कार पर सवार नासिर और आरिफ को गिरफ्तार कर लिया। कार साउथ रोहिणी इलाके से चुराई थी। जांच के दौरान पुलिस को कार से मौर्या एंक्लेव इलाके से चुराई गई स्विफ्ट कार के कागजात मिल गए। पुलिस ने इनके निशानदेही पर पांच अन्य कारों को बरामद कर लिया।