हरिनगर इलाके में लग्जरी कार से आए चोरों ने एक शोरूम से 25 लाख के कपड़े चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शोरूम मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान की जा रही है।
पुलिस को रविवार सुबह जेल रोड स्थित एक कपड़े के शोरूम में चोरी होने की शिकायत मिली। पुलिस व क्राइम टीम ने मौके पर छानबीन की और दुकान से कुछ फिंगर प्रिंट लिये। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखकर पता चला कि शनिवार रात दुकान के बाहर एक काले रंग की कार आकर रुकी। कार से निकले दो युवकों ने शोरूम का शटर तोड़ा और ब्रांडेड कपड़े निकालकर कार की डिग्गी में रखने लगे।
बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक वारदात को अंजाम दिया। इसी दौरान एक और लग्जरी कार शोरूम के बाहर आकर रुकी। उसमें से निकले चार बदमाश दुकान में घुस गए और कार में कपड़े लादकर फरार हो गए। रविवार सुबह ताला टूटा देखकर पड़ोसियों ने शोरूम मालिक रत्नेश को घटना की जानकारी दी। गौरतलब है कि पिछले साल 17 दिसंबर को भी चोरों ने इसी शोरूम के पास वाले शोरूम से दस लाख की ब्रांडेड कपड़े की चोरी कर ली थी।