सॉफ्टवेयर इंजीनियर हत्याकांड में पुलिस प्रेम-प्रसंग या रंजिशन हत्या की आशंका जता रही है। जबकि मृतक के परिजन लूट के बाद हत्या किए जाने की बात कह रहे हैं।
हालांकि चार दिन बीत जाने के बाद भी सेक्टर-58 पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है। सेक्टर-58 एसएचओ जहीर खां ने दावा किया है कि शैलेंद्र के एटीएम से एक भी रुपया नहीं निकाला गया है।
जबकि शैलेंद्र के रिश्तेदार नवीन ने रविवार को यह दावा किया कि लूट के बाद शैलेंद्र की हत्या की गई। शैलेंद्र का पर्स व एटीएम गायब है साथ ही एटीएम से दो बार में 40-40 हजार रुपये शुक्रवार रात ही निकाल लिए गए।
सेक्टर-62 स्थित पीर रोड पर मिला था शव
पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
वहीं एनएच-24 पर गाजियाबाद से दिल्ली तक और सेक्टर-62 के सभी एटीएम की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। शनिवार सुबह सेक्टर-62 स्थित पीर रोड पर मुरादाबाद के मूल निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर शैलेंद्र रोहिल्ला का शव मिला था।
शैलेंद्र सेक्टर-62 स्थित एक एमएनसी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे वह घर जाने के लिए ऑफिस से निकल गए थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे।
शव मिलने के बाद परिजनों ने कयास लगाया कि उनसे लूटपाट की गई और विरोध पर मौत के घाट उतार दिया गया। शैलेंद्र के रिश्तेदार नवीन का दावा था कि उनके पास से पर्स और मोबाइल गायब है जिसे बदमाशों ने लूट लिया होगा। परिजनों के दावों को पुलिस ने सिरे से खारिज कर दिया है। एसएचओ का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।