रविवार रात नोएडा फेस टू से लूटी गई कार को सिहानी गेट पुलिस ने कुछ देर बाद ही बरामद कर लिया। वायरलेस पर सूचना प्रसारित होते ही सिहानी गेट पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी।
एएलटी कट के पास चेकिंग देखकर बदमाश कार छोड़कर भागने लगे। इस पर पुलिस ने पीछा कर दो बदमाशों को दबोच लिया। जबकि दो बदमाश अंधेरे के चलते निकल भागे। बदमाशों के पास से पुलिस ने दो तमंचे और कार बरामद की है।
एसएचओ ने बताया कि रविवार रात पुलिस को नोएडा से कार लूट की सूचना मिली थी। वायरलेस पर मेसेज चलते ही पुलिस चेकिंग में जुटी थी। रात करीब तीन बजे पुलिस ने एएलटी की ओर से लूटी गई कार को आते देखा।
कार में चार बदमाश सवार थे। पुलिस को देख बदमाश कार छोड़कर कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करके दो बदमाशों मेरठ खरखौदा निवासी रमित कुमार और राजीव कुमार को गिरफ्तार किया, जबकि गौतम बुद्ध नगर निवासी चन्दू और लोनी निवासी पिंटू पुलिस को चकमा दे कर फरार हो गए। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।