गुड़गांव के हयातपुर गांव में हथियार बंद बदमाशों ने बुधवार की रात ईंट सप्लायर के ऑफिस के बाहर खड़ी दो गाड़ियों के दस टायर रिम व एक मोबाइल लूट लिये। मजदूरों ने जैसे ही शोर मचाने की कोशिश की तो दो बदमाशों ने उन पर कंबल डाल कर हथियार तान दिए।
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश गाड़ी में मौजूद मजदूरों को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सेक्टर 10 थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: तो क्या जासूस प्रेमिका ने की थी इंस्पेक्टर की हत्या?
झज्जर के रहने वाले रविन्दर गुड़गांव में ईंट सप्लाई के लिए दो गाड़ी चलाई हुई हैं। उसके पास एक छह चक्का ट्रक व एक 10 चक्का ट्रक है। रविन्द ने हयातपुर गांव में अपना ऑफिस खोला हुआ है, जहां पर दोनों गाड़ियां रात के समय खड़ी रहती है। रात को गाड़ी चालक व मजदूर ऑफिस पर ही रहते हैं।
बुधवार रात उसके मजदूर आफिस में सो रहे थे दोनों गाड़ियां बाहर खड़ी थी। 10 चक्का गाड़ी में दो मजदूर सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे एक टाटा कंपनी की एस मॉडल गाड़ी में करीब आधा दर्जन बदमाश पहुंचे। जो खड़े ट्रक में जैक लगाकर टायर खोलने लगे।
यह भी पढ़ें:घूमने निकले 12वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या
इसी दौरान ट्रक के अंदर सो रहे दोनों की नींद खुल गई लेकिन बदमाशों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने कुछ भी बोलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों गाड़ियों के दस टायर व रिम खोल लिए।
सारा सामान अपनी गाड़ी में डालकर बदमाशों ने एक मजदूर का मोबाइल फोन भी लूट लिया। बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। सेक्टर 10 थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है।