केशवपुरम इलाके में शुक्रवार रात बदमाशों ने सेवानिवृत्त एमसीडी कर्मचारी को बंधक बनाकर घर से लाखों रुपये के जेवरात और पंद्रह हजार नगदी लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस लूटपाट का मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश के प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार एमसीडी से रिटायर्ड सुरेंद्र कुमार मल्होत्रा (79) केशवपुरम बी ब्लॉक में अकेले रहते हैं। 18 नवंबर की रात वे अपने कमरे में सो रहे थे। देर रात करीब साढ़े तीन बजे उनके बिस्तर के पास चार युवक आए और उन्हें जगाया। बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर उनके हाथ-पैर चादर से बांध दिए।
इसके बाद बुजुर्ग से अलमारी की चाबी लेकर उसमें रखे 15 हजार रुपये और लॉकर तोड़कर उसमें रखे लाखों के जेवरात लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ित ने किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी।
पड़ोसियों ने पुलिस को वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस पीड़ित के बताए हुलिए और फिंगर प्रिंट की मदद से बदमाशों की पहचान करने के प्रयास कर रही है।