देशबंधु गुप्ता रोड इलाके में चार बदमाशों ने चीनी कारोबारी व भारतीय कारोबारी के कर्मचारी की पिटाई कर लाखों रुपये व विदेशी करेंसी लूट ली। घटना के दो दिन बाद भारतीय कारोबारी ने इस बाबत थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ढोलवानी योगेश कुमार मूलत: अजमेर राजस्थान का रहने वाला है। वह पिछले पांच साल से हांगकांग में रहता है। उसका हांगकांग में इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल फोन का कारोबार है। दिल्ली में कारोबार के लिए उसने दो कर्मचारी अरुण और दीपक को रखा है, जो करोलबाग के फैज रोड पर रहते हैं।
22 जुलाई को योगेश कुमार का दोस्त व चीनी कारोबारी जी ज्यूमिंग कारोबार के सिलसिले में दिल्ली आए थे। वह करोलबाग स्थित चाइना टाउन होटल में ठहरे। 24 को उसे वापस हांगकांग जाना था। 24 को जी ज्यूमिंग ने शॉपिंग के लिए योगेश से ढाई लाख रुपये देने के लिए कहा।
योगेश ने अपने कर्मचारी अरुण को जी ज्यूमिंग को रुपये देेने के लिए कह दिया। चीनी कारोबारी को शॉपिंग कर विमान पकड़ने के लिए एयरपोर्ट जाना था। दीपक ने कारोबारी के लिए टैक्सी मंगवा दी।
चीनी कारोबारी और दीपक दो बैग लेकर टैक्सी में सवार होने लगे। इसी दौरान चार बदमाश वहां पहुंचे और दोनों पर रॉड से हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। विरोध करने पर बदमाश गोली मारने की धमकी देकर दोनों बैग लेकर फरार हो गए।