मयूर विहार में बुजुर्ग विजय कुमार (65) की हत्या मामले में पुलिस को करीब 25 वर्षीय एक युवती की तलाश है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि सुबह करीब 10 बजे काले रंग का टॉप और नीले रंग की जींस पहने एक युवती समाचार अपार्टमेंट में आती हुई दिखाई दे रही है।
इसके बाद करीब 12 बजे उसे विजय के घर से गायब टीवी लेकर जाते हुए देखा जा रहा है। पुलिस आशंका जता रही है कि सीसीटीवी में दिखने वाली युवती हत्याकांड में शामिल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बात की पूरी संभावना है कि विजय युवती को जानते थे। छानबीन के लिए पुलिस ने विजय की सीडीआर भी निकलवाई है।
मामले की छानबीन कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विजय के यहां पूनम नामक नौकरानी काम करती है। परिजनों की मानें, तो सीसीटीवी फुटेज में दिखने वाली युवती पूनम नहीं है।
परिजनों ने युवती को पहचानने से किया इनकार
पुलिस
- फोटो : file photo
इसके अलावा उन्होंने इस युवती को पहचानने से भी इनकार किया है। पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में युवती के साथ कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं।
वहीं, जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि युवती ने आते-जाते समय सोसायटी के गेट पर कोई एंट्री भी नहीं की थी। युवती हाथ में 40 इंच की एलसीडी टीवी लेकर बड़े आराम से जाते हुए दिखाई दे रही है।
उधर, क्राइम टीम ने विजय के घर से कुछ और फिंगर प्रिंट्स लिए हैं, उससे भी छानबीन की जा रही है। गौरतलब है कि बुधवार को दिन में मयूर विहार स्थित समाचार अपार्टमेंट में विजय कुमार (65) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद सोसायटी की सीसीटीवी फुटेज में एक युवती विजय की टीवी ले जाती हुई दिखाई दे रही है।