लिच्छवी एक्सप्रेस में बम की सूचना ने शुक्रवार को रेलवे, पुलिस अफसरों और यात्रियों के होश उड़ा दिए। आनंद विहार से सीतामढ़ी (बिहार) जाने वाली इस ट्रेन को गाजियाबाद में रोककर कोच एस-6 खाली कराया गया।
आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड से पूरी ट्रेन को खंगाला। सवा घंटे तक चेकिंग में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा बलों की क्लीयरेंस के बाद ट्रेन कोे रवाना किया गया।
गाजियाबाद जीआरपी ने देर शाम आनंद विहार जीआरपी और दिल्ली पुलिस को बम की फर्जी सूचना देने की जानकारी भेज दी।
दोपहर 3.10 बजे लिच्छवी एक्सप्रेस आनंद विहार टर्मिनल से चली थी। थोड़ी देर बाद ही दिल्ली कंट्रोल रूम को कोच एस-6 में बम होने की सूचना मिली।
आनंद विहार जीआरपी ने गाजियाबाद के इंस्पेक्टर जीआरपी विनोद सिरोही, एसएसआई पंकज लवानिया को सूचना दी। 3:45 बजे ट्रेन गाजियाबाद में प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची तो जीआरपी ने कोच एस-6 को खाली करा लिया।
कोतवाली पुलिस के साथ कोच की सघन चेकिंग की गई। सुरक्षा बलों ने एस-7, 8, 9 और जनरल कोच की भी चेकिंग की।
एस-8 से एक लावारिस बैग मिला तो हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में बैग के मालिक दिल्ली हर्ष विहार निवासीय युवक अमित कुमार के आने पर बैग उसे वापस दे दिया गया।
डॉग स्क्वायड से पूरी गाड़ी की चेकिंग कराई गई। ट्रेन से कोई भी संदिग्ध वस्तु न मिलने पर शाम पांच बजे जीआरपी और आरपीएफ ने डीटीएम डीके चोपड़ा और स्टेशन अधीक्षक लियाकत अली को क्लीयरेंस दे दी।
5:02 बजे ट्रेन को सीतामढ़ी के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान एसपी सिटी शिवहरि मीणा, अनिल कुमार यादव भी मौके पर रहे। ट्रेन में बम की सूचना देने वाले मोबाइल नंबर को अब सर्विलांस से ट्रेस किया जाएगा।
सर, ट्रेन में अब कोई खतरा तो नहीं
यात्री भी दहशत में रहे। चेकिंग के बाद भी यात्री बार-बार पुलिस अफसरों से पूछ रहे थे कि ‘सर, ट्रेन में सफर करने में अब कोई खतरा तो नहीं’।
आधे घंटे में पहुंचा डॉग स्क्वायड
जीआरपी और आरपीएफ के पास डॉग स्क्वॉयड नहीं है। सिविल पुलिस से डिमांड पर पुलिस लाइंस से रेलवे स्टेशन पहुंचने में ही डॉग स्क्वॉयड काे आधा घंटा लग गया।