फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लेडी पायलट इंस्ट्रक्टर से धोखा देकर रचाई शादी, कैश-जेवर लेकर भागा

Sat, 18 Mar 2017 11:44 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
demo pic - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया में रह रही गाजियाबाद की एक महिला पायलट इंस्ट्रक्टर से शादी कर धोखाधड़ी की गई है। आरोप है कि ऑस्ट्रेलिया में ही रह रहे युवक ने खुद को मैनेजर बताकर उनसे शादी की थी और शादी के पांच दिन बाद ही दहेज में मिला कैश-ज्वैलरी लेकर ऑस्ट्रेलिया भाग गया था।
विज्ञापन


इस संबंध में पायलट इंस्ट्रक्टर की मां ने गाजियाबाद के एसएसपी और इंडियन एंबेसी से शिकायत की है। राकेश मार्ग पर रहने वाली एक युवती ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में रहती हैं।

वह वहां पायलट इंस्ट्रक्टर हैं। उनकी मां ने बताया कि पिछले साल जुलाई-अगस्त में मेट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से हैदराबाद निवासी एक युवक से उनकी बेटी की शादी की बात चली थी। युवक ने बताया था कि वह हैदराबाद का है, ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में रहता है और एक फूड स्टोर का मैनेजर है।
विज्ञापन


बाद में उन्होंने बेटी और परिवार के अन्य लोगों को उसके बारे में बताया और रिश्ता पक्का कर दिया। उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर को गाजियाबाद में यह शादी हुई थी। इसमें उन्होंने करीब 80 लाख रुपये खर्च किए थे।

उन्होंने बताया कि शादी में उन्होंने युवक की फैमिली को करीब 22 लाख रुपये और 50 तोले सोने के जेवर दहेज में दिए थे। शादी के पांच दिन बाद आरोपी युवक उनकी बेटी को छोड़कर जेवर-कैश लेकर ऑस्ट्रेलिया चला गया था।

इसके बाद उन्होंने युवक के परिवार के बारे में जानकारी की तो पता चला कि वह ऑस्ट्रेलिया में ही एक कंपनी में काम करता है, जबकि उसके परिजन हैदराबाद में किराए के घर में रहते हैं। जब ऑस्ट्रेलिया में ही पायलट इंस्ट्रक्टर उनकी बेटी ने आरोपी युवक की ऑस्ट्रेलिया में अपने स्तर से जांच कराई तो पता चला कि उसने शादी से पहले दूसरे के घर को अपना बताया था। 

आरोपी युवक उनकी बेटी को छोड़ने के बाद भी उनसे लगातार दहेज की मांग कर रहा है। उसने दहेज में एक किलो सोना और एक लग्जरी कार की मांग की है। इससे नाराज परिजनों ने आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत एसएसपी से की है।

साथ ही सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है। एसएसपी दीपक कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक की मां फिलहाल हैदराबाद में रह रही हैं। वह भी बेटे के पास ऑस्ट्रेलिया में भागने की फिराक में है। इसी के चलते उन्होंने इंडियन एंबेसी में महिला की शिकायत की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें