सेक्टर अल्फा वन स्थित कामर्शियल बेल्ट स्थित पैथालॉजी लैब के टेक्नीशियन की हत्या लूट के विरोध पर की गई थी। तीन बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पिस्टल, दो कारतूस, तीन सिम, दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। सरगना समेत एक अन्य आरोपी फरार है।
एसपी देहात अभिषेक यादव ने प्रेसवार्ता में बताया कि 23 मार्च को देवला गांव निवासी लैब टेक्नीशियन अंकित भाटी अपना शाम को बाइक पर घर जा रहा था। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के एवीजे हाईट्स सोसायटी के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया और पिस्टल के बल पर पर्स छीन लिया। विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी। सूरजपुर पुलिस ने तिलपता गोलचक्कर से कृष्ण उर्फ कालू पुत्र रमेश निवासी कनारसी थाना दनकौर को गिरफ्तार कर लिया।
कृष्ण दनकौर डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। आरोपी ने लूट के विरोध पर हत्या की बात को मान लिया है। आरोपी 2014 में दनकौर में हत्या के प्रयास और लूट के मुकदमे में जेल जा चुका है। अंकित की हत्या का मुख्य आरोपी नितिन दादरी के चेयरमैन विजय पंडित की हत्या में भी शामिल रहा है। नितिन वारदात को अंजाम देने के लिए असलहों का इंतजाम करता है। पुलिस नितिन और अमित की तलाश कर रही है।
एसपी देहात ने बताया कि 23 मार्च को नितिन, कृष्ण और अमित ने किशन वीर सिंह पुत्र रूप सिंह निवासी दादरी से तिलपता के पास लूट की थी। वीर सिंह एक सिपाही की बाइक पर बैठकर आरोपियों की तलाश कर रहा था। संयोगवश तीनों आरोपी अंकित की हत्या कर बाइक से तिलपता के पास ही जाते दिखाई दे गए, जिन्हें सिपाही ने पीछा करके दबोच लिया। इस दौरान सिपाही से बदमाशों की छीनाझपटी भी हुई। बदमाश बैग छोड़कर फरार हो गए, जिसमें पुलिस को अंकित के पर्स के अलावा मोबाइल और सिम बरामद हुआ था जिससे हत्याकांड का सुराग मिल गया। सिम की छानबीन कर कृष्ण को पकड़ लिया गया।