राजधानी में बदमाश किस कदर बेकाबू हो गए है, इसका उदाहरण मंगलवार रात देखने को मिला। बाइक सवार बदमाशों ने सिपाही के साथ लूटपाट का प्रयास किया। सिपाही ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे चाकू से गोद दिया।
सिपाही को चार से पांच चाकू मारे गए हैं। सिपाही को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि सिपाही विश्राम कालकाजी थाने में तैनात है। वह मंगलवार रात करीब 10.25 बजे ड्यूटी जा रहा था और बीआरटी कॉरिडोर पर पुष्प विहार बस स्टैंड पर थाने जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। विश्राम वर्दी में नहीं था।
उसी समय तीन बदमाश एक मोटर साइकिल पर वहां आए और विश्राम के पास बाइक रोक दी। बदमाशों ने सिपाही विश्राम का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। जब सिपाही ने लूटपाट का विरोध किया तो एक बदमाश ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। बदमाश ने सिपाही पर चाकू से करीब पांच वार किए।
इसके बावजूद बदमाश सिपाही से मोबाइल नहीं लूट सके। घायल होने के बावजूद सिपाही ने बदमाशों को मोबाइल नहीं दिया। किसी राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पीसीआर वैन ने सिपाही को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि सिपाही विश्राम की शिकायत पर अंबेडक र नगर थाने में लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया गया है। उनका कहना है कि आरोपी बदमाशों को पकड़ने के लिए स्थानीय थाना पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ की टीमों को लगाया गया है। बुधवार शाम तक बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा था।