गाजीपुर इलाके में शनिवार रात बाइक सवार बाउंसर और उसके तीन दोस्तों पर 15-16 युवकों ने चाकू और तलवारों से हमला कर दिया। इसमें बाउंसर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक है।
घायलों को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गाजीपुर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बादल (22) अपने परिवार के साथ खोड़ा गांव, गाजियाबाद में रहता था। उसके परिवार में पिता मन्नू सिंह, मां बीना सिंह और एक बड़ा भाई रवि है। बादल नोएडा सेक्टर-43 के एक पब में बाउंसर था।
शनिवार को उसे अपने दोस्त रोमेश, रवि और नौशाद के साथ नोएडा सिटी सेंटर में शादी में जाना था। रात करीब 8.15 बजे जब चारों दोस्त दो बाइक से मयूर विहार फेज-3 के पास दिल्ली यूपी सीमा पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो 15-16 युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
चारों युवक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे। नौशाद तो किसी तरह भाग गया, लेकिन बदमाशों ने बादल के शरीर पर डेढ़ दर्जन से अधिक चाकू और तलवार से वार किए।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोमेश की गर्दन, पेट, और कमर पर चाकू मारा गया। उसकी हालत गंभीर है। रवि पर भी हमला हुआ। वारदात के बाद आरोपियों ने बादल का शव दूर तक घसीटा। बाद में उसे यूपी की सीमा में फेंककर सभी फरार हो गए।
सीमा विवाद में उलझी रही दिल्ली-यूपी पुलिस
दिल्ली और यूपी की सीमा पर हत्याकांड के बाद दोनों राज्याें की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। इंदिरापुरम चौकी पुलिस का कहना था कि घटना दिल्ली की सीमा में हुई है।
वहीं, गाजीपुर थाने के पुलिस अधिकारियों का कहना था कि बादल का शव यूपी की सीमा में मिला है, इसलिए यूपी पुलिस मामला दर्ज करे। आखिर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद रविवार सुबह दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया।
एक सप्ताह पूर्व हुआ था बादल का झगड़ा
बादल का खोड़ा कालोनी के रहने वाले चूल्हा पंडित से एक सप्ताह पूर्व झगड़ा हुआ था। बादल ने उसकी पिटाई की थी। आरोप है कि चूल्हा पंडित ने ही साथियों संग वारदात की है।
हमले में घायल व अन्य युवकों ने आरोपियों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस उसी आधार पर जांच कर रही है।