तिमारपुर इलाके में चाबी बनाने वाले ने एक महिला के अलमारी से लाखों के गहने उड़ा लिए गए। महिला ने उसे चाबी बनाने के लिए घर में बुलाया था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अंजू रानी सपरिवार वजीरपुर गांव में रहती है। गत 30 अप्रैल अंजू ने गली में घूम रहे एक चाबी बनाने वाले को अलमारी की चाबी बनाने के लिए घर बुलाया। कुछ देर काम करने के बाद चाबी बनाने वाले ने चार बजे आने की बात कहकर चला गया। लेकिन वह चार बजे नहीं पहुंचा।
दो दिन बाद अंजू ने अपने अलमारी को खोला। उसके लॉकर से सात तौले सोने के गहने, करीब डेढ़ किलो चांदी और 16 हजार रुपये गायब थे। अंजू ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
युवक की आंखों के सामने से बाइक चोरी कर फरार हुआ बदमाश
दरियागंज इलाके में बदमाशों ने एक युवक के आंखों के सामने से उसकी बाइक चुरा ली। युवक बाइक को रोककर कोलड्रिंक पी रहा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यासिर हाशमी (20) परिजनों के साथ दरियागंज इलाके में रहता है। वह मेरठ के स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से पत्राचार से स्नातक कर रहा है। बुधवार रात वह अपने चचेरे भाई मुनीष के साथ लालकुआं इलाके में रहने वाली अपनी दादी के पास गया था।
देर रात डेढ़ बजे वह वापस लौटने के दौरान दरियागंज में सड़क किनारे कोल्ड ड्रिंक पीने लगा। इस दौरान उसने अपनी बाइक को सड़क किनारे लगा दिया। कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक से उतर कर यासिर की बाइक पर बैठ गया और चाबी का गुच्छा निकालकर बाइक को स्टार्ट करने की कोशिश करने लगा।
यासिर जब तक भागकर अपनी बाइक के पास पहुंचा। तब तक बाइक स्टार्ट कर वहां से फरार हो गये। यासिर ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। दरियागंज थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।