गोकलपुरी इलाके में एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त प्रवीन कुमार (23) के रूप में हुई है।
पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद प्रवीन का शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक प्रवीन परिवार के साथ बी-197/7, जौहरीपुर में रहता था।
इसके परिवार में पिता प्रेम सिंह, दो भाई व एक बहन हैं। परिजनों के मुताबिक प्रवीन प्राइवेट जॉब करता था। गत 28 अप्रैल को घर के पास नाले के किनारे खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया।
प्रवीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। शुरूआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि पिछले कुछ दिनों से प्रवीन किसी बात पर डिप्रेशन का शिकार था।