सरकार की बेटी बढ़ाओ बेटी पढ़ाओ मुहिम को नुकसान पहुंचा रहे एक झोलाछाप दंपति और एक आभूषण कारोबारी के पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। झोलाछाप दंपति संजय कॉलोनी रोड पर क्लीनिक है, जहां दोनों मिलकर अवैध गर्भपात के जरिये कन्या भ्रूण हत्या कर रहे थे।
जबकि आभूषण कारोबारी बेटा पैदा होने की शर्तिया दवा अपनी दुकान से बेच रहा था। पुलिस ने डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव भगत की तहरीर पर केस दर्ज कर आभूषण कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया जबकि फरार झोलाछाप दंपति की तलाश की जा रही है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव भगत ने बताया कि उन्हेें सूचना मिली थी कि संजय कॉलोनी में अवैध गर्भपात और बेटा पैदा होने की शर्तिया दवा देने वाले क्लीनिक खुले हुए हैं।
अवैध गर्भपात कराने वालों तक पहुंचने के लिए उन्होंने एक गर्भवती महिला सुमन (नाम परिवर्तित) को टीम में शामिल किया। मंगलवार देर शाम सुमन 33 फिट रोड स्थित चौहान हेल्थ सेंटर पहुंची। सेंटर पर खुद को डॉक्टर बताने वाले हरींद्र सिंह चौहान उनकी पत्नी मीना जो खुद को स्त्री रोग विशेषज्ञ बता रही थी, मौजूद थे। सुमन ने गर्भपात कराने को कहा तो हरींद्र सिंह ने उसे मीना के पास भेज दिया।