जैश ए मोहम्मद के तीन कथित आतंकियों की पुलिस हिरासत अगले दस दिनों के लिये शनिवार को अदालत ने बढ़ा दी। दिल्ली पुलिस ने इन आतंकियों को राजधानी में आतंकी वारदात की साजिश के सिलसिले में गिरफ्तार किया था।
पटियाला हाउस अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रीतेश सिंह ने मोहम्मद साजिद, शकीर व समीर से पूछताछ के लिये और दस दिन का रिमांड दिया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इन पूरी साजिश का खुलासा करने के लिये आरोपियों से पूछताछ करने की जरूरत है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों का 15 दिन का रिमांड मांगते हुये कहा पूछताछ में आरोपियों से एक वाट्स एप मैसेज मिला है जिसकी तहकीकात की जानी है।
डाटा छानबीन का हवाला देकर पुलिस ने मांगी रिमांड
आतंकी गिरफ्तार
- फोटो : जी पाॅल
इसके अलावा फेसबुक के डाटा की भी छानबीन करनी है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता एमएस खान ने पुलिस की अर्जी का विरोध करते हुये कहा कि पुलिस को पूछताछ के लिये पहले ही काफी समय मिल चुका है और उनके मुव्वकिलों का दोबारा रिमांड मांगने का कोई आधार उसके पास नहीं है।
अदालत ने इससे पहले चार मई को आरोपियों से पूछताछ के लिये पुलिस को दस दिन का रिमांड दिया था। पुलिस ने उस समय कहा था कि आतंक के दिल्ली मोड्यूल का खुलासा करने के लिये आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी है।
दिल्ली पुलिस ने आतंकी संगठन से संबंधों के शक में दस अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया था लेकिन पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। पुलिस को शक था कि यह लोग भी राजधानी में धमाकों की साजिश रच रहे थे।