सेक्टर-39 पुलिस ने ऐसे वाहन लुटेरों के गैंग का पर्दाफाश किया जिसका सरगना नाबालिग है। गिरोह में कई बालिग सक्रिय सदस्य शामिल हैं, जिनका पकड़ा जाना अभी बाकी है।
विज्ञापन
पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत दो को पकड़ लिया। गिरोह ने इनकम टैक्स विभाग की गाड़ी भी लूटी थी। इनके कब्जे से लूटी हुई दो कार मिली हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया गैंग का सरगना और उसका साथी नाबालिग है।
दोनों दिल्ली के बदरपुर के रहने वाले हैं। दोनों नौवीं कक्षा के छात्र हैं। अप्रैल में इन्होंने गैंग बनाया था। गैंग में दोनों नाबालिग समेत तीन अन्य शख्स भी हैं वह बालिग हैं। वे वारदात के समय दोनों आरोपियों के साथ रहते हैं।
विज्ञापन
नाबालिग सेक्टर 37 पर सवारी बनकर रहते थे तैयार
लूटी गई कार
- फोटो : अमर उजाला
पकड़े गए नाबालिगों ने स्वीकारा कि वह सेक्टर-37 पर सवारी बनकर खडे़ हो जाते थे। गाड़ी चालक से लिफ्ट लेकर उसमें सवार हो जाते थे। इनमें एक चालक के बगल में बैठता था। बाकी उसके पीछे वाली सीट पर बैठ जाते थे।
हथियारों के बल पर चालक से कार लूट लेते थे। गैंग का सरगना बदरपुर निवासी 17 वर्षीय रमेश (परिवर्तित नाम) नवंबर 2015 में कार लूट के मामले में बाल सुधार गृह जा चुका है।
नौ दिन में छह लूट, पुलिस पर की फायरिंग
अप्रैल में बाल सुधार गृह से रिहा हुआ था। रिहा होते ही उसने अपने क्लास के एक अन्य नाबालिग छात्र समेत दो अन्य युवकों को मिलाकर गैंग बनाया। यह गैंग नौ दिन में छह लूट और पुलिस के पीछा करने पर फायरिंग कर फरार होने में कामयाब रहा।
गिरोह हर दूसरे दिन लूट की वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य 25 अप्रैल को परी चौक के पास इनकम टैक्स विभाग की गाड़ी में सवारी बन कर बैठ गए और एक्सप्रेसवे के पास से कार लूट कर चालक को फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों ने नॉलेज पार्क इलाके से कार लूट के दौरान थाना प्रभारी पर गोलियां चलाई थीं।
गैंग का सरगना दिल्ली के बदरपुर निवासी एक कारोबारी का बेटा है। वह पिता की गाड़ी से लूट की वारदात को अंजाम देता था। पिता को दोस्तों संग पार्टी में जाने की बात कहकर गाड़ी लेकर घर से निकलता था।
दिल्ली से नोएडा आते ही दोस्तों संग गाड़ी में अन्य लोगों को लिफ्ट देकर लूट की वारदात को भी अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले गैंग के बदमाशों को पुलिस तलाश में जुटी थी।
इसी कड़ी में पुलिस को बदमाशों के एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन पर लूट की फिराक में घूमने की सूचना मिली। इस पर रविवार देर रात पुलिस ने सेक्टर-95 के पास चेकिंग शुरू कर दी।
बदमाशों ने पुलिस को चेकिंग करता देख भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने कार समेत दो नाबालिगों को पकड़ लिया, जबकि इनका एक साथी शिवम मौके से फरार हो गया।