प्रेम नगर एक्सटेंशन में हुए आठ साल के समर्थ हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पड़ोसी युवक ही बच्चे को बाजार घुमाने के बहाने घर से ले गया था और नाले में धक्का दे दिया।
घटना को अंजाम देकर वह बच्चे की तलाश करके परिवार की सहानुभूति भी पाता रहा और दूसरी ओर परिवार से 25 लाख की फिरौती की मांग करता रहा। उसकी चालाकी ज्यादा दिन नहीं चली और दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी वारदात एक फिल्म को देखकर की गई।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि गत 23 जुलाई को प्रेम नगर एक्सटेंशन में रहने वाला आठ वर्षीय समर्थ अपने घर के बाहर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद परिवार वालों ने अमन विहार थाने में उसके अपहरण की शिकायत की। दो दिन बाद बच्चे का शव प्रताप विहार स्थित किराड़ी नाले से मिल गया।
अगले दिन पिता बच्चे की पहचान कर उसका पोस्टमार्टम करा रहा था। तभी उसके पास फिरौती के लिए फोन आया। फोन करने वाले ने उसे अस्पताल में होने की बात कहकर उससे 25 लाख रुपये की मांग की। पुलिस ने उस नंबर के लोकेशन की जांच की तो वह बच्चे के घर के आसपास का था, लेकिन आरोपी फिरौती मांगने के बाद फोन को बंद कर देता था। बच्चे का पिता फिरौती की रकम देने को राजी हो गया, परंतु पुलिस की मौजूदगी का एहसास होने पर आरोपी पैसे लेने नहीं आया।
निरीक्षक मुकेश अंटिल के नेतृत्व में अपराध शाखा की टीम ने जांच शुरू की। जिस नंबर से फिरौती मांगी जा रही थी वह सिम संगम विहार की रहने वाली एक महिला के नाम रजिस्टर्ड था, जो उससे कहीं खो गया था। जांच के दौरान बच्चे के घर के सामने रहने वाले गौतम की गतिविधि संदिग्ध लगी। पुलिस ने गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।
ऐसे मारा था मासूम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अगवा करने के बाद उसने बच्चे को प्रताप विहार नाले में फेंक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। उसका बच्चे के घर आना-जाना था। वह अक्सर उसे स्कूल छोड़ने भी जाता था। इसलिए उस पर किसी को शक नहीं हुआ। घटना वाली रात वह बच्चे को बाजार में घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। वारदात के बाद जब वह वापस आया तो बच्चे के परिवार वाले उसे खोज रहे थे। आरोपी भी उनके साथ मिलकर बच्चे को तलाशने का नाटक करने लगा।
फिल्म देखकर रची थी अपहरण की साजिश
आरोपी ने बताया कि वह रोहिणी स्थित एक इंस्टीट्यूट से एक साल का आईटी डिप्लोमा कोर्स कर रहा है। उसे पढ़ाई के लिए रुपयों की जरूरत थी। इसी बीच उसने एक फिल्म देखी, जिसमें दिखाया गया था कि बच्चे की हत्या करने के बाद भी फिरौती की रकम वसूली गई थी। हाल में बच्चे के पिता ने एक कार खरीदी थी, जिससे उसे लगा कि वह फिरौती की रकम दे सकते हैं।
उसके एक दोस्त को सिम रास्ते में मिला था, जिसे उसने गौतम को दे दिया था। गौतम को लगता था कि दूसरे के नाम पर सिम होने की वजह से पुलिस उसे नहीं पकड़ सकती है। इसलिए उसने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस को उसके इस खुलासे पर यकीन नहीं है। वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।