आईएसआईएस के छह कथित आंतकियों को अदालत ने तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकियों के रिमांड के लिये कोर्ट में अर्जी दायर की थी।
सूत्रों के मुताबिक विशेष एनआईए जज अमरनाथ ने मोहम्मद अजीमुशान, मोहम्मद ओसामा, अखलाक उर रहमान, मीराज, मोहसिन इब्राहिम सैयद व मोहम्मद मुश्ताक से पूछताछ के लिये तीन दिन का रिमांड एनआईए को दिया है।
एनआईए ने अपनी अर्जी में कहा कि मामले की जांच नाजुक दौर में है और केस की जांच दिल्ली पुलिस से उसे सौंपी गई है। एजेंसी ने कहा कि आतंकी साजिश का खुलासा करने के लिये इन आतंकियों व अन्य आतंकियों से आमने सामने पूछताछ करना जरूरी है।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने इन छह कथित आतंकियों को आईएसआईएस से रिश्तों के आरोप में गिरफ्तार किया था। गृह मंत्रालय ने बाद में मामले की जांच एनआईए को सौंप दी थी। एनआईए ने कहा कि इन आरोपियों से लखनऊ व देवबंद में आईएसआईएस के अन्य सदस्यों से हुई मुलाकात व साजिश के संबंध में कई सवाल पूछे जाने हैं।