राजनगर सेक्टर-15 में कारोबारी विष्णु सिदाना के घर केताले तोड़कर चोर करीब छह लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी और कैश चोरी कर ले गए। वे 23 जुलाई को परिवार के साथ अमृतसर स्वर्ण मंदिर के दर्शन करने गए थे।
रविवार शाम लौटने पर वारदात का पता चला। कारोबारी के पिता सोमनाथ सिदाना चिरंजीव विहार स्मॉल स्कैल इंडस्ट्रीज एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं।
कारोबारी का मानना है कि उनके घर के गेट पर चार दिन के अखबार पड़े थे, इसी से चोरों को मकान के बंद होने का अंदेशा हुआ, क्योंकि उन्होंने मुख्यद्वार पर अंदर से ताला लगाया हुआ था।
विष्णु सिदाना ने बताया कि वे पत्नी और बच्चों के साथ राजनगर सेक्टर-15 में रहते हैं। उनके पिता चिरंजीव विहार में रहते हैं। मुकुंदनगर में उनके लोहे के पार्ट्स बनाने की फैक्ट्री है।
अमृतसर से लौटे तो घर के ताले टूटे देख दंग रह गए। मुख्यद्वार पर अंदर से लगाया ताला तो लगा था, मगर कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। ऐसा लग रहा है कि चोर सात फिट ऊंची दीवार फांदकर मकान में घुसे और वारदात की।
करीब पांच लाख की ज्वैलरी और 65000 रुपये गायब थे। उन्होंने कविनगर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ द्वितीय कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।
घर से जाएं तो अखबार बंद करके जाएं
इससे पहले नेहरूनगर में इसी तरह की वारदात हो चुकी है। चोरों ने गेट पर पड़े अखबार देखकर अंदाजा लगाया था कि मकान बंद है। बेहतर है कि बाहर जा रहे रहे हैं तो हॉकर से अखबार बंद करवाकर जाएं।