रात डेढ़ बजे नशेबाजी और शोरगुल का विरोध करने पहुंचे पड़ोसी को दबंगों ने पीटा और जान लेने की नीयत से गोली चला दी। किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ित ने मुजेसर थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पर्वतीय कॉलोनी में रहने वाले भारत कैटरिंग का काम करते हैं। उनकी दुकान संजय कॉलोनी 33 फीट रोड पर है। रात में वह कारीगरों के साथ दुकान पर ही सो रहे थे। रात करीब सवा दो बजे शोर-शराबा सुनकर उनकी आंख खुल गई।
गाली गलौज और शोर की आवाजें पड़ोसी सुशील की दुकान के ऊपर बने कमरे में से आ रही थीं। भारत अपने साथी विजय और दीपक के साथ उस कमरे पर पहुंचे। दरवाजा खटखटाया तो अंदर से सुशील, सचिन, मामराज, गजेंद्र और दो अन्य युवक बाहर निकले।
उन्होंने शोर मचाने से मना किया, तो युवक गाली गलौज करने लगे। बात बढ़ने पर सभी ने मिलकर उनको पीट दिया। दो युवकों ने कट्टे निकाल लिए, तो भारत और उनके साथी भागने लगे। इस दौरान दबंगों ने उन पर दो गोलियां चलाईं, लेकिन वह लगी नहीं। मामले की जांच कर रहे संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज एसआई लाजपत ने बताया कि आरोपियों ने एक दिन पहले ही सुशील का कमरा किराये पर लिया था, उनकी तलाश की जा रही है।