ट्यूशन के दौरान एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाले एक शिक्षक ने छात्रा को कमरे में बंद कर छेड़छाड़ की तो छात्रा ने उसे जमकर थप्पड़ जड़े। वहां मौजूद अन्य स्टूडेंट्स ने आरोपी को दबोच लिया और जमकर धुनाई की। आरोपी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गोविंदपुरी स्थित एक निजी स्कूल में हरमुखपुरी निवासी संजय अग्रवाल एकाउंट का शिक्षक है। इसी स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं की छात्रा शुक्रवार शाम चार बजे ट्यूशन पढ़ने शिक्षक के घर गई थी।
छात्रा ने बताया कि नोट्स देने के बहाने शिक्षक उसे दूसरे कमरे में ले गया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। वह शोर मचाते हुए भागी और वहां मौजूद अन्य स्टूडेंट्स को शिक्षक की करतूत बताई। छात्रा ने यह भी बताया कि शिक्षक कई दिन से ट्यूशन पढ़ाते वक्त छेड़छाड़ करता था।
इस पर स्टूडेंट्स ने शिक्षक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। छात्रा ने शिक्षक को कई थप्पड़ जड़े । स्टूडेंट्स के चंगुल से छूटकर आरोपी शिक्षक भाग निकला। इस पर सभी स्टूडेंट्स एकत्र होकर मोदीनगर कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। स्कूल संचालकों ने भी टीचर को नौकरी से निकालने की बात कही है।