अवैध रूप से कनफर्म रेलवे टिकट बनाकर बेचने वाले एक साइबर कैफे संचालक को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
उसके पास से 12 से अधिक विभिन्न स्टेशनों के बने हुए टिकट बरामद हुए हैं। पकड़ा गया साइबर कैफे संचालक आफीसर्स कॉलोनी, कोसीकलां, मथुरा का रहने वाला है।
आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलम- बाटा रोड स्थित सिटी साइबर नामक कैफे में अवैध तरीके से ई-टिकटों की बिक्री की जा रही है।
सूचना पर दिल्ली पूर्व से आरपीएफकर्मी अजीत सिंह, किशन सिंह मीना, वीरपाल भड़ाना, रविंद्र ढाका और सब इंस्पेक्टर आईपी नागर शुक्रवार की देरशाम साइबर कैफे पर छापा मारा।
छापे के दौरान आरपीएफ टीम को 12 कनफर्म टिकट बरामद हुए। आरपीएफ ने मौके से कैफे संचालक अनिल कुमार को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की तो उसने ई-टिकटों को बनाकर बेचने की बात कबूली।
उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी कैफे संचालक का कहना है कि वह एसी टिकटों पर 50 रुपये अतिरिक्त वसूलता था।