इकलाख की हत्या के मामले में बिसाहड़ा के तीन लोगों के नाम आरोपियों के तौर पर जुड़वाने की मांग को लेकर परिजन सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचेंगे। पहले शनिवार को एसएसपी से मिलने की योजना थी।
इकलाख के परिजन की ओर से अधिवक्ता यूसुफ सैफी ने बताया कि इकलाख और उसके परिजन के खिलाफ बिसाहड़ा के ग्रामीणों ने जिला न्यायालय में 56/3 के तहत मामला दर्ज करने की याचिका डाली थी जिस पर न्यायालय की ओर से मामला दर्ज करने के आदेश दिए गए थे।
ग्रामीणों की याचिका में तीन लोगों ने इकलाख को घटना के दौरान पकड़ने की बात कही है। इसके बाद इकलाख की पीटकर हत्या की गई थी। पुलिस द्वारा बनाए गए आरोपियों में तीन लोगों के नाम शामिल नहीं हैं।
तीनों ने स्वीकार किया है कि इकलाख को पकड़ने में वह आगे रहे थे इसलिए हमें शंका है कि इकलाख की हत्या में इनका भी हाथ हो सकता है। पहले शनिवार को एसएसपी से इनके नाम आरोपियों में जुड़नवाने की गुजारिश करने की योजना थी। अब इसमें बदलाव कर सोमवार को सूरजपुर कार्यालय जाकर मुलाकात की जाएगी।