ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने बृहस्पतिवार देर रात कॉलेज के डायरेक्टर से कार लूट ली।
विरोध करने पर बदमाशों ने सिर पर तमंचे की बट मारकर उन्हें घायल कर दिया। घायल डायरेक्टर को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक पाई सेक्टर स्थित पार्श्वनाथ सोसाइटी में रहने वाले डॉ. धर्मवीर सिंह आईईसी कॉलेज में बतौर निदेशक कार्यरत हैं। बृहस्पतिवार देर रात वह कॉलेज हॉस्टल का दौरा कर घर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: डॉक्टरों की लापरवाही से फटी अपेंडिक्स की नस
प्रकाश इंस्टीट्यूट के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनकी कार को रुकवा लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने निदेशक के सिर पर तमंचे की बट से हमला कर दिया और जोर से धक्का मारकर गिरा दिया, जिससे कंधे में फ्रैक्चर हो गया।
बदमाश फोर्ड फिगो कार लूटकर फरार हो गए। राहगीरों ने घायल निदेशक को अस्पताल में भर्ती कराया। डायरेक्टर ने पुलिस को बताया कि कार में उनके दो मोबाइल, एटीएम कार्ड, पेन कार्ड समेत कई अन्य जरूरी कागजात थे। एसपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।