राजधानी में छोटी-छोटी बातों पर लोग एक दूसरे की जान लेने को उतारू हैं। संगम विहार इलाके में रोडरेज की घटना में कार सवार युवकों ने एयरफोर्स के जवान को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में आरोपी पीड़ित का आईकार्ड, बाइक की आरसी व अन्य सामान लूट लिया।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित सुजॉय कुमार सिकंदर की वर्दी भी फाड़ डाली। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इधर एक राहगीर ने मारपीट की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी। जिसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और उसने तीन आरोपियों को दबोच लिया। संगम विहार थाना पुलिस ने लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सुजॉय तुगलकाबाद स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात है। बृहस्पतिवार को सुजॉय अपनी बाइक से एमबी रोड होते हुए बत्रा अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार से उनकी बाइक टच गई। सुजॉय आगे बढ़े तो स्विफ्ट कार सवार दो युवकों ने इनको बत्रा अस्पताल के सामने ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोपियों ने कार से उतरते ही सुजॉय को पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक सेंट्रो कार भी वहां पहुंच गई। उससे उतरे युवक ने भी पीड़ित को बुरी तरह पीट दिया। वारदात के बाद आरोपी लूटपाट कर मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुजॉय को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
इधर पीड़ित की शिकायत पर संगम विहार थाना पुलिस ने मारपीट, लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वीडिया चलने के बाद पुलिस ने फौरन तीन आरोपियों दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नितिश गुप्ता, ईसा और नीरज के रूप में हुई है। नितिश दूध कारोबारी है, वहीं ईसा प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि नीरज एक क्लब में बाउंसर है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।