पांडव नगर इलाके में 30 साल की एक महिला इन दिनों खासी परेशान है। पिछले कुछ दिनों से कोई सिरफिरा उसके व्हाट्स ऐप नंबर पर आई लव यू लिखकर भेज रहा है। व्हाट्स ऐप पर ही जब पीड़िता ने इसका विरोध जताया तो आरोपी ने उसे अश्लील मैसेज व वीडियो डालने शुरू कर दिए।
पीड़िता के पति ने आरोपी से बात कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उससे भी बुरा भला कहकर गाली-गलौज कर दी। मजबूर होकर आरोपी की शिकायत पांडव नगर थाने में की गई।
छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। लोकल पुलिस के अलावा जिले की साइबर सेल मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक, सरला (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ पांडव नगर की एक सोसायटी में रहती हैं।
पिछले दिनों इनके व्हाट्स ऐप नंबर पर आई लव यू लिखा हुआ मैसेज आया। सरला ने इसको नजरअंदाज कर दिया। लेकिन लगातार उनके मोबाइल पर मैसेज आने लगे। पीड़िता ने कॉल कर आरोपी से बातचीत की और बताया कि वह शादीशुदा है।
इसके बाद आरोपी ने सरला के बारे में खासी जानकारियां दी, जिससे उसे अहसास हुआ कि आरोपी उसके बारे में अच्छी तरह जानता है। यह बात सरला ने अपने पति को बताई।
सरला के पति ने जब आरोपी से बातचीत करने का प्रयास किया तो उसने पति को बुरा भला कहकर फोन काटने के लिए कहा। मजबूर होकर उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पांडव नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।