संतोष नगर कॉलोनी में महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंट कर हत्या कर दी थी। महिला के प्रेमी ने शव को रूपवास गांव जंगल में मिट्टी में दबा दिया। वहीं महिला ने पुलिस और परिजन को गुमराह करने के लिए 10 मार्च को सूरजपुर कोतवाली में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
बुधवार को पुलिस की पूछताछ में महिला ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया। मूलरूप से हापुड़ के देहरा निवासी नजाकत उर्फ बिट्टू (35 वर्ष) पत्नी मोहसिना और चार बच्चों के साथ संतोष नगर कॉलोनी में रहता थे। वह कबाड़ का व्यापार करता था।
पुलिस ने बताया कि 10 मार्च की शाम मोहसिना ने कोतवाली में अपने पति नजाकत की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि नजाकत 10 मार्च की सुबह करीब 5 बजे किसी से मिलने की बात कह कर निकला ।
घर में ही की गई हत्या
demo pic
- फोटो : अमर उजाला
वह घर में इंतजार करती रही लेकिन शाम तक नहीं लौटा। दूसरी तरफ, नजाकत के पिता शौकत ने मोहसिना के एक व्यक्ति से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया। उनका आरोप था कि नजाकत इसका विरोध कर रहा था। परिजन का आरोप है कि महिला ने अवैध संबंधों में बाधक बनने पर पति की हत्या की है।
बुधवार को सख्ती से पूछताछ करने पर मोहसिना ने सारा घटनाक्रम बता दिया। 10 मार्च को तड़के 3 बजे उसका प्रेमी राहुल सहित तीन लोग आए। घर में ही नजाकत की गला घोंट कर हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद शव को बाइक से ले जाकर रूपवास गांव के जंगल में मिट्टी से ढक दिया। जानवरों ने शव को बुरी तरह से नोंच डाला। पुलिस ने शव को सड़ी-गली हालत में बरामद किया। शव की पहचान कपड़ों से की गई है। राहुल समेत उसके दोस्त फरार हैं पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।- अनुज कुमार सिंह, प्रभारी सूरजपुर कोतवाली