दिल्ली के कोटला मुबारकपुर थाना इलाके में अवैध संबंधों के संदेह ने पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पति हाल ही में सऊदी अरब से लौटा था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर पति की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मूलरूप से पटना, बिहार निवासी तैयब सऊदी अरब में काम करता था। वह एक महीने पहले ही दिल्ली लौटा था। उसकी पत्नी शबनम दो बेटों के साथ कोटला मुबारकपुर गांव के बापू पार्क में अनिल कुमार के मकान में ऊपरी मंजिल पर रहती थी। उनके बेटे 14 और 8 वर्ष के हैं।
बताया जा रहा है कि तैयब (37) पत्नी शबनम (35) के चरित्र पर संदेह करता था और उसे लगता था कि उसके किसी से अवैध संबंध है। इस बात पर दोनों में आए दिन झगड़ा होता रहता था। शनिवार सुबह उनके दोनों बेटे स्कूल चले गए थे। इसके बाद पति-पत्नी दोनों में झगड़ा होने लग गया।
पड़ोसियों की माने तो उन्होंने झगड़ा होते देख इसकी सूचना मकान मालिक अनिल कुमार को दी थी। जब मकान मालिक वहां पहुंचा तो शबनम बिस्तर पर अचेत पड़ी हुई थी। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस शबनम को एम्स ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच से पता लग रहा है कि शबनम की हत्या गला दबाकर की गई है। मकान मालिक अनिल कुमार ने बताया कि शबनम दोनों बच्चों व पति के साथ पिछले 20 वर्ष से यहां रह रहे थे। जब से तैयब साऊदी अरब से लौटा तो दोनों में झगड़ा रहता था। वारदात के बाद से ही पति फरार है।