स्वरूप नगर थाना पुलिस ने सीवर साफ करने वाली मशीन (सेप्टिक टैंक सक्शन क्लीनिंग मशीन) में अवैध शराब की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से शराब के 360 क्वार्टर बरामद किए गए हैं। पकड़ा गया बदमाश दिनेश हरियाणा से शराब ला रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि नगलीपुना के पास एक युवक अवैध शराब लेकर आने वाला है। सूचना को पुख्ता करने के बाद थाना प्रभारी भरत राम मीणा ने हवलदार मुकेश, सिपाही सुभाष और ओम प्रकाश के साथ एक टीम गठित कर मौके पर निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान एक ट्रैक्टर वहां पहुंची। जिसमें सीवर साफ करने की मशीन लगी थी। टैक्ट्रर चालक की संदिग्ध गतिविधि को देखकर पुलिस ने उसे रोक लिया और सीवर के मशीन के टैंक की जांच की। तलाशी के दौरान उसमें काफी मात्रा में शराब से भरे कार्टून मिले। पुलिस ने बताया इन कार्टून में 360 क्वार्टर मिले।
पुलिस ने तुरंत आरोपी गुहाना सोनीपत हरियाणा निवासी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया। दिनेश ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा के बार्डर इलाके से अवैध शराब लेकर आ रहा था और उसे दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करना था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे किन लोगों तक इस अवैध शराब को पहुंचाना था।