अशोका एंक्लेव में रहने वाली दीपिका की हत्या उसके ही पति उमेश ने की थी। हत्या के बाद शव को काले बैग में बांध कर उमेश ने धीरज नगर में बुढिय़ा नाला के पास फेक दिया था। 11 नवंबर की रात पुलिस को दीपिका का शव बरामद हुआ था। शिनाख्त के बाद जांच में जुटी क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर टीम ने पति उमेश को गिरफ्तार किया है।
मालूम हो कि पुलिस को 11 नवंबर की रात धीरजनगर स्थित नाले में युवती का शव पड़ा मिला था। सोमवार को होडल निवासी ब्र्रज भूषण नाम के व्यक्ति ने मृतका की पहचान बेटी दीपिका के रूप में की थी। ब्रजभूषण ने दामाद उमेश पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया था।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। पूछताछ में उमेश ने पुलिस को बताया था कि दीपिका मायके जाना चाहती थी, 25 अक्तूबर को वह दीपिका को बाइक से बस अड्डे ले गया था और बस पर बैठा कर वापस आ गया था।
दीपिका ससुराल नहीं पहुंची इसलिए उसने 27 अक्तूबर को थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दीपिका एक कोचिंग सेंटर में काम करती थी। पुलिस ने 25 अक्तूबर की सीसीटीवी फुटेज देखी तो दीपिका वही कपड़े पहने हुई थी जो शव के साथ मिले थे। इस पर पति उमेश से कड़ाई से पूछताछ की गई।
उमेश ने पत्नी की हत्या करना कुबूल कर लिया। उसने बताया कि कोचिंग सेंटर से पत्नी को लेकर वह हरकेश नगर स्थित अपने प्लॉट पर ले गया और वहां हत्या कर दी। इसके बाद शव को रस्सी से बांध बैग में भर कर रख दिया।
दो दिन बाद बुढिय़ा नाले में फेक दिया था। बदरपुर क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को अदालत में पेश कर उमेश को रिमांड पर लिया जाएगा।